Home > धर्म > जीवन-मंत्र > अनवरत काम करते रहें, सफलता अवश्य मिलेगी

अनवरत काम करते रहें, सफलता अवश्य मिलेगी

अनवरत काम करते रहें, सफलता अवश्य मिलेगी
X

एक गांव में सूखा पड़ा था। बारिश न होने के कारण फसलें सूखने लगीं थीं। गांव वाले परेशान हो गए। उन्हें लगने लगा कि इस साल पूरी फसल बर्बाद हो जायेगी।

एक दिन गांव में एक साधु आया और मस्त होकर नाचने लगा। गांव में जो भी उसे देखता, पागल समझता। धीरे धीरे पूरे गांव में उस पागल साधु की खबर फैल गई। लोग उसके आसपास इक_ा हो गए और उसका मज़ाक भी उड़ाने लगे।

तभी अचानक बादल घुमड़ने लगे और जोरों की बारिश शुरू हो गई। साधु ने नाचना बंद कर दिया। गांव वालों के आश्चर्य की कोई सीमा नहीं रही। वे हाथ जोड़कर साधु से क्षमा मांगने लगे। उस दिन के बाद से साधु गांव में ही एक कुटिया बनाकर रहने लगा। जब भी सूखा पड़ता, वह नाचने लगता और बारिश हो जाती। वह बारिश वाले बाबा के नाम से प्रसिद्ध हो गया।

एक बार शहर से कुछ लड़के गांव में घूमने आए। जब उन्होंने बारिश वाले बाबा के बारे में सुना, तो उन्हें यकीन नहीं हुआ। उन्होंने गांव वालों से कहा कि अगर साधु बाबा के नाचने से बारिश हो सकती है, तो हमारे नाचने से भी हो सकती है। उन्होंने नाचकर बारिश करवाने की चुनौती ले ली।

अगले दिन एक मैदान में सारे गांव वाले इक_ा हो गए। साधु भी वहां था और चारों लड़के भी। चारों लड़कों ने नाचना शुरू किया। एक घंटा बीत गया, पर बारिश नहीं हुई। एक लड़का नाचते-नाचते थक गया और बैठ गया। एक घंटा और बीता, पर बारिश नहीं हुई। दूसरा लड़का भी थक कर बैठ गया। दो लड़के नाचते रहे, लेकिन बारिश न होते देख वे भी कुछ देर बाद थक कर बैठ गए।

उसके बाद साधु ने नाचना शुरू किया। एक घंटा बीत गया, बारिश नहीं हुई, पर साधु नाचता रहा। दो घंटे बीत गए, बारिश नहीं हुई, पर साधु नाचता रहा। साधु को नाचते-नाचते शाम हो गई। चारों लड़के सोचने लगे कि ये साधु तो व्यर्थ ही नाच रहा है। तभी अचानक बारिश शुरू हो गई। साधु ने नाचना बंद किया, पर गांव वाले झूम उठे। चारों लड़के साधु के चरणों में गिर पड़े और पूछने लगे, बाबा! आपने ये चमत्कार कैसे किया?

साधु ने कहा, मैं इस विश्वास के साथ नाचना शुरू करता हूं कि बारिश जरूर होगी और तब तक नाचता रहता हूं, जब तक बारिश नहीं हो जाती। इसलिए मैं जब भी नाचता हूं, बारिश जरूर होती है।

साधु की इस बात में जीवन की एक बहुत बड़ी सीख छुपी हुई है। किसी भी काम में सफ़ल होना है, तो उसे पूरा करने के दृढ़ निश्चय के साथ काम शुरू करें और उसके बाद रुकें नहीं। उतार-चढ़ाव आएंगे, लेकिन अपने निश्चय से डिगें नहीं। अनवरत काम करते रहें, काम में सफलता अवश्य मिलेगी।

Updated : 8 Dec 2023 3:18 PM GMT
author-thhumb

City Desk

Web Journalist www.swadeshnews.in


Next Story
Top